पिछले 6 महीने से लापता पुष्पा मामला: मां से ₹10 हजार लेने का आरोप, आरोपी का होगा नार्को टेस्ट

Pushpa missing case

नीरज सिंह
बोकारो:
बोकारो जिले के पिंडराजोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत खूंटाडीह गांव से 21 जुलाई 2025 से लापता पुष्पा कुमारी के मामले में अब एक नया और गंभीर मोड़ सामने आया है। जहां एक ओर पुलिस संदिग्ध आरोपी का नार्को टेस्ट कराने की तैयारी में है, वहीं दूसरी ओर लापता लड़की की मां ने एक राजनीतिक नेत्री पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

पुष्पा की मां रेखा देवी ने बताया कि बेटी की जल्द बरामदगी के नाम पर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) की बोकारो जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष रेखा देवी ने पुलिस और एसडीएम को देने के बहाने उनसे ₹10,000 लिए। पीड़िता का कहना है कि यह रकम उन्होंने कर्ज लेकर दी थी, क्योंकि वह किसी भी तरह अपनी बेटी को वापस पाना चाहती थीं।

इस पूरे मामले पर प्रवीण कुमार सिंह, एसडीपीओ, ने कहा कि ऐसी जानकारी उनके संज्ञान में आई है। यदि पीड़िता लिखित आवेदन देती है तो इस पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी को मदद दिलाने के नाम पर इस तरह की रकम वसूलना बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है।

आरोपी युवक का होगा नार्को टेस्ट
पुलिस के अनुसार, इस मामले में गांव के ही युवक दिनेश कुमार महतो को मुख्य संदिग्ध माना गया है। एसडीपीओ प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि न्यायालय से आदेश मिलते ही आरोपी को गुजरात भेजकर नार्को टेस्ट कराया जाएगा। इससे पहले पुष्पा की तलाश में पुलिस टीमें मुंबई सहित देश के कई राज्यों में भेजी जा चुकी हैं और जगह-जगह पोस्टर भी लगाए गए हैं। इसके अलावा ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर भी जांच जारी है।

munadi live whattsapp banne.jpg

JLKM की प्रतिक्रिया
JLKM के पूर्व प्रवक्ता और महासचिव विजय सिंह ने इस पूरे प्रकरण पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें इस आरोप की कोई जानकारी नहीं है, इसलिए वह फिलहाल इस पर कुछ नहीं कह सकते।

resizone elanza

Telegram channel

पिछले छह महीनों से बेटी की तलाश में भटक रही एक मां के इस बयान ने न सिर्फ पुलिस जांच को नया आयाम दिया है, बल्कि राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी हलचल मचा दी है। अब सबकी नजरें न्यायालय के आदेश और नार्को टेस्ट की रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि पुष्पा के साथ आखिर क्या हुआ और इस पूरे मामले में कौन-कौन जिम्मेदार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *