रांची में LPG आपूर्ति पर प्रशासन सख्त, कालाबाजारी पर जीरो टॉलरेंस; 25 दिन पहले बुकिंग की सलाह

Gas Black Marketing

रांची: रांची जिला प्रशासन ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए सख्त रुख अपनाया है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंतरी के निर्देश पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत की अध्यक्षता में एक ऑनलाइन समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

इस बैठक में Indian Oil Corporation, Hindustan Petroleum और Bharat Petroleum के क्षेत्रीय प्रबंधकों (एलपीजी सेल्स), CSC के जिला नोडल अधिकारी तथा रांची जिले की सभी गैस एजेंसियों के प्रोप्राइटर शामिल हुए। बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी रामगोपाल पांडेय भी उपस्थित थे।

होली के कारण सप्लाई में आई थी अस्थायी बाधा
बैठक में गैस कंपनियों के अधिकारियों ने बताया कि होली पर्व के दौरान सप्लाई चेन में अस्थायी व्यवधान आने के कारण कुछ दिनों तक वितरण प्रभावित हुआ था। हालांकि वर्तमान में स्थिति सामान्य है और जिले में एलपीजी की कोई कमी नहीं है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं को घबराने की आवश्यकता नहीं है और सभी गैस एजेंसियों को नियमित आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

Maa RamPyari Hospital

Telegram channel

25 दिन पहले बुकिंग करने की सलाह
बैठक में उपभोक्ताओं को सलाह दी गई कि वे अपने नियमित 14.2 किलोग्राम घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग कम से कम 25 दिन पहले करा लें। ऐसा करने पर बुकिंग के 2 से 3 दिनों के भीतर होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाएगी।

resizone elanza

यदि किसी उपभोक्ता का सिलेंडर 25 दिन से पहले ही समाप्त हो जाता है, तो उनके लिए 5 किलोग्राम और 2 किलोग्राम के छोटे सिलेंडर भी उपलब्ध हैं। इन छोटे सिलेंडरों के लिए अलग से बुकिंग की आवश्यकता नहीं है और इन्हें गैस एजेंसी से सीधे संपर्क कर डोरस्टेप डिलीवरी के माध्यम से प्राप्त किया जा सकता है।

कंपनियों को दिए गए विशेष निर्देश
अनुमंडल पदाधिकारी ने गैस एजेंसियों से छोटे सिलेंडरों की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की भी जानकारी ली। बैठक में कंपनियों को निर्देश दिया गया कि वे उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए अलग-अलग टोल-फ्री नंबर जारी करें। इन नंबरों पर हमेशा एक कर्मचारी की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि उपभोक्ताओं को फोन के माध्यम से आसानी से जानकारी मिल सके।

जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश
प्रशासन ने गैस कंपनियों और एजेंसियों को निर्देश दिया कि 25 दिन पहले बुकिंग करने के नियम के बारे में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए। इसके लिए SMS, बिलबोर्ड, रेडियो, टेलीविजन और अन्य माध्यमों से प्रचार-प्रसार करने को कहा गया है। साथ ही सभी कंपनियों और एजेंसियों के बीच समन्वय बनाए रखने के लिए एक WhatsApp ग्रुप बनाने और आवश्यकता पड़ने पर फिर से समीक्षा बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।

कालाबाजारी पर सख्त चेतावनी
बैठक के दौरान प्रशासन ने स्पष्ट किया कि गैस सिलेंडर की कालाबाजारी या अनियमित वितरण को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन लगातार गैस वितरण प्रणाली की निगरानी कर रहा है। यदि कोई गैस एजेंसी या वितरक कालाबाजारी या नियमों के उल्लंघन में लिप्त पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

नागरिकों से अपील
जिला प्रशासन ने सभी रांचीवासियों से अपील की है कि वे समय पर गैस सिलेंडर की बुकिंग करें और किसी भी प्रकार की अनियमितता या शिकायत की जानकारी तुरंत संबंधित अधिकारियों या हेल्पलाइन नंबर पर दें।

प्रशासन का कहना है कि यह कदम उपभोक्ताओं के हित में उठाया गया है, ताकि त्योहारों और दैनिक जीवन में रसोई गैस की आपूर्ति सुचारू रूप से बनी रहे और लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *