रांची से लापता मासूम भाई-बहन, भाई को 29 मई को लगना है चौथा एंटीरेबीज इंजेक्शन
जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र से 25 मई से लापता हैं दोनों बच्चे, पुलिस ने लोगों से सूचना देने की अपील की
रांची: झारखंड की राजधानी रांची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र से दो मासूम भाई-बहन के लापता होने का मामला सामने आया है। सेक्टर-1 स्थित पटेल नगर निवासी चिरंजीव महतो का छह वर्षीय बेटा युवांश उर्फ तूफान और 10 वर्षीय बेटी रोशनी कुमारी 25 मई की दोपहर 1 बजे के बाद से लापता हैं। 26 मई को पिता ने जगन्नाथपुर थाना में दोनों बच्चों के अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
युवांश को 29 मई को लगना है चौथा एंटीरेबीज इंजेक्शन
लापता छह वर्षीय युवांश उर्फ तूफान की स्थिति को लेकर परिवार की चिंता और बढ़ गई है। पिता चिरंजीव महतो ने बताया कि 1 मई को घर के पास खेलते समय युवांश को एक कुत्ते ने काट लिया था। इसके बाद उसे एंटीरेबीज इंजेक्शन दिए जा रहे हैं। अब तक उसे:
- 1 मई
- 4 मई
- 8 मई को इंजेक्शन लगाया जा चुका है।
अगला यानी चौथा इंजेक्शन 29 मई को लगना है। समय पर टीका नहीं लगने से बच्चे की जान को खतरा हो सकता है।
सूचना देने की अपील
बच्चों के बारे में किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर तुरंत इन नंबरों पर संपर्क करने की अपील की गई है:
पिता चिरंजीव महतो: 9572650742
जगन्नाथपुर थाना: 9431706169
परिवार और पुलिस ने कहा है कि आपकी एक सूचना बच्चों को सुरक्षित घर पहुंचाने में मददगार साबित हो सकती है।
CCTV फुटेज में दिखे दोनों बच्चे
पुलिस बच्चों की तलाश में जुटी हुई है। घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में दोनों बच्चे घर से करीब 800 मीटर दूर एक कैमरे में दिखाई दिए हैं। इसके अलावा रांची और हटिया रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
फुचका खाते दिखे थे बच्चे
झोपड़ी मार्केट के पास एक दुकानदार ने बताया कि कुल तीन बच्चे पास की दुकान में फुचका खाते हुए दिखाई दिए थे। इसके बाद वे वहां से कहीं चले गए। मामले की जानकारी मिलने पर सिटी एसपी पारस राणा मंगलवार शाम बच्चों के घर पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी ली।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
चिरंजीव महतो मूल रूप से पश्चिम बंगाल के झालदा के रहने वाले हैं और रांची में सुधा डेयरी में ऑपरेटर के तौर पर काम करते हैं। परिवार पिछले तीन साल से सेक्टर-1 पटेल नगर के एक छोटे से एसबेस्टस वाले मकान में रह रहा है। बच्चों की मां रूपाली खलखो सब्जी बेचकर परिवार चलाने में मदद करती हैं। दोनों बच्चे धुर्वा स्थित गायत्री मंदिर स्कूल में पढ़ते हैं। युवांश पहली और रोशनी तीसरी कक्षा में पढ़ते हैं।
पुलिस और परिवार की अपील
परिवार ने लोगों से भावुक अपील करते हुए कहा है कि अगर किसी को भी दोनों बच्चों के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। हर गुजरते घंटे के साथ परिवार की चिंता बढ़ती जा रही है।






