...

खान सर कोचिंग पर फायरिंग और तोड़फोड़ का आरोप, ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर रोशन आनंद समेत 3 गिरफ्तार

Khan Sir Coaching Controversy

पटना में खान ग्लोबल स्टूडियो पर हमले के बाद पुलिस की कार्रवाई, CCTV के आधार पर गिरफ्तारियां; पुलिस ने फायरिंग की पुष्टि से किया इनकार

पटना: पटना में चर्चित खान ग्लोबल स्टूडियो कोचिंग सेंटर पर हुए हंगामे और तोड़फोड़ मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रोशन आनंद समेत उनके दो सहयोगियों अभिषेक और गौरव को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है। टाउन एसडीपीओ-1 राजेश रंजन ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है।

रात में हुई थी तोड़फोड़
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 10:10 बजे कदमकुआं थाना क्षेत्र स्थित खान ग्लोबल स्टूडियो कोचिंग परिसर में कुछ लोगों ने ईंट-पत्थर फेंककर जमकर तोड़फोड़ की थी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी और कोचिंग संस्थान की ओर से इसे सुनियोजित हमला बताया गया था।

पुलिस ने गोलीबारी की बात से किया इनकार
घटना के बाद पटना नगर पुलिस अधीक्षक की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में गोलीबारी की खबरों को खारिज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, स्थानीय लोगों से पूछताछ और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में यह सामने आया कि पटना स्थित ज्ञान बिंदु कोचिंग सेंटर से जुड़े 15 से 20 लोगों ने कथित तौर पर इस घटना को अंजाम दिया। हालांकि जांच में अब तक गोली चलने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर सभी आरोपियों की पहचान कर ली गई है तथा बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

खान सर ने लगाया था गोली चलने का आरोप
घटना के बाद खान सर ने मीडिया से बातचीत में दावा किया था कि हमलावरों ने उनके कार्यालय में घुसकर तोड़फोड़ की और गोलियां भी चलाईं। उन्होंने कहा था कि उनका संस्थान कम फीस में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराता है, जिससे कुछ लोग असहज महसूस कर रहे हैं। खान सर ने आरोप लगाया था कि हमलावरों की पहचान उनके सुरक्षा कर्मियों ने कर ली है और वे आसपास के एक कोचिंग संस्थान से जुड़े हुए हैं।

Maa RamPyari Hospital

Telegram channel

उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा बढ़ाने की मांग भी की थी।

resizone elanza

CCTV फुटेज जांच का आधार
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल और आसपास के इलाकों से मिले सीसीटीवी फुटेज जांच का मुख्य आधार बने हैं। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई और प्रारंभिक कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या था और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल थे।

कोचिंग जगत में चर्चा का विषय बना मामला
पटना के कोचिंग हब में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। शिक्षा जगत से जुड़े लोग पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के सभी पहलुओं पर स्पष्ट तस्वीर सामने आ पाएगी। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और अन्य संदिग्धों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *