...

गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की पत्नी रिया का जेल ट्रांसफर, अब चाईबासा जेल होगी नई ठिकाना

Riya Sinha

प्रिंस खान गिरोह से सांठगांठ और हथियार तस्करी मामले में गिरफ्तार रिया सिन्हा को रांची से चाईबासा भेजने का आदेश

रांची: झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की पत्नी और उसके गिरोह की गतिविधियों में कथित रूप से सक्रिय भूमिका निभाने वाली रिया सिन्हा का जेल ट्रांसफर कर दिया गया है। जेल प्रशासन ने रिया को रांची स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार से चाईबासा जेल शिफ्ट करने का निर्णय लिया है। जेल आईजी कार्यालय की ओर से इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार रिया सिन्हा को बुधवार तक चाईबासा जेल भेज दिया जाएगा।

रांची जेल में थी बंद
रिया सिन्हा को कुछ महीने पहले रांची पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उस पर आरोप है कि उसने कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के गिरोह के साथ मिलकर आपराधिक गतिविधियों को संचालित किया और हथियार तस्करी से जुड़े मामलों में भूमिका निभाई। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया था और तब से वह रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार में बंद थी। जेल आईजी सुदर्शन मंडल ने रिया सिन्हा के ट्रांसफर की पुष्टि करते हुए बताया कि सुरक्षा और प्रशासनिक कारणों से उसे चाईबासा जेल भेजा जा रहा है।

कौन है रिया सिन्हा?
रिया सिन्हा झारखंड के चर्चित गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की पत्नी है। जांच एजेंसियों के अनुसार रिया का नाम पहले भी कई आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है। अक्टूबर 2025 में रांची पुलिस ने प्रिंस खान गिरोह के कई सदस्यों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया था कि सुजीत सिन्हा और प्रिंस खान गिरोह के बीच संपर्क बनाए रखने का काम रिया सिन्हा करती थी। जांच में यह भी दावा किया गया था कि दोनों गैंगों के बीच समन्वय स्थापित करने और संदेश पहुंचाने में रिया की महत्वपूर्ण भूमिका थी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

साहिबगंज जेल में बंद है सुजीत सिन्हा
रिया सिन्हा का पति सुजीत सिन्हा झारखंड का एक कुख्यात अपराधी माना जाता है। उसके खिलाफ रंगदारी, हत्या, धमकी और संगठित अपराध से जुड़े दर्जनों मामले दर्ज हैं। वर्तमान में सुजीत सिन्हा साहिबगंज जेल में बंद है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वह लंबे समय से अपराध की दुनिया में सक्रिय रहा है और कई बड़े मामलों में उसका नाम सामने आ चुका है।

Maa RamPyari Hospital

Telegram channel

सुरक्षा कारणों से लिया गया फैसला
जेल प्रशासन का मानना है कि रिया सिन्हा को चाईबासा जेल शिफ्ट करने से सुरक्षा प्रबंधन और जेल प्रशासन की निगरानी व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सकेगा। फिलहाल रिया के खिलाफ दर्ज मामलों की जांच जारी है और विभिन्न एजेंसियां उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *