...

गैंगस्टर प्रिंस खान के नाम पर फिर रंगदारी की धमकी, रांची के कारोबारी से मांगे 1 करोड़ रुपये

WhatsApp Extortion

रांची: राजधानी रांची में गैंगस्टर प्रिंस खान के नाम पर रंगदारी मांगने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक बार फिर एक कारोबारी को व्हाट्सएप मैसेज भेजकर 1 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। रंगदारी नहीं देने पर कारोबारी और उनके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई है। मामले की शिकायत मिलने के बाद बरियातू थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बरियातू के कारोबारी को विदेशी नंबर से आया धमकी भरा मैसेज
मामला रांची के बरियातू थाना क्षेत्र के रानी बगान इलाके का है। यहां रहने वाले कारोबारी बिजेंद्र सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मंगलवार सुबह उनके व्हाट्सएप पर एक विदेशी नंबर से मैसेज आया। मैसेज भेजने वाले ने खुद को “प्रिंस खान दुबई” बताया और एक करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग की। मैसेज में साफ लिखा गया कि यदि तय समय के भीतर रकम नहीं दी गई तो कारोबारी और उनके पूरे परिवार की हत्या कर दी जाएगी।

परिवार और गाड़ी की पूरी जानकारी भेजकर दी धमकी
कारोबारी के मुताबिक धमकी देने वाले ने केवल रंगदारी की मांग ही नहीं की, बल्कि उनके परिवार के सदस्यों का भी जिक्र किया। इतना ही नहीं, उनकी गाड़ी का नंबर, रंग और अन्य निजी जानकारियां भी मैसेज में लिखी गई थीं। मैसेज में यह भी कहा गया कि अगर “सेटलमेंट” नहीं किया गया तो उनकी सफेद (White) कार को रेड (Red) कर दिया जाएगा, जिसे कारोबारी ने सीधे तौर पर जानलेवा हमले की धमकी बताया है।

बरियातू थाना में दर्ज हुई प्राथमिकी
घटना के बाद कारोबारी बिजेंद्र सिंह ने बरियातू थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस की साइबर सेल और टेक्निकल टीम विदेशी नंबर, व्हाट्सएप अकाउंट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है ताकि धमकी देने वाले की पहचान की जा सके।

munadi live whattsapp banne.jpg

लगातार बढ़ रहे रंगदारी के मामले
रांची में पिछले कुछ समय से गैंगस्टर प्रिंस खान के नाम पर कारोबारियों को लगातार धमकी भरे कॉल और व्हाट्सएप मैसेज भेजे जा रहे हैं। हालांकि जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि वास्तव में ये संदेश प्रिंस खान द्वारा भेजे जा रहे हैं या फिर कोई अन्य गिरोह उसके नाम का इस्तेमाल कर कारोबारियों में दहशत फैलाकर रंगदारी वसूलने की कोशिश कर रहा है।

resizone elanza

Telegram channel

पुलिस कर रही सभी पहलुओं की जांच
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू की जांच की जा रही है। विदेशी नंबर की लोकेशन, डिजिटल ट्रेल और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का दावा किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *