प्रेम, अपहरण या साजिश? खूंटी में तजना नदी के पास युवक-युवती के शव मिलने से सनसनी, पति पर हत्या का आरोप
खूंटी/लोहरदगा: झारखंड के खूंटी जिले में युवक और युवती के शव मिलने के मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। लोहरदगा जिले के भंडरा थाना क्षेत्र के चट्टी बड़गाईं गांव निवासी 25 वर्षीय नेहा और उसके पड़ोसी 21 वर्षीय अरुण राणा के शव शुक्रवार सुबह खूंटी थाना क्षेत्र के बारुडीह पंचायत स्थित तजना नदी पुल के नीचे बरामद किए गए। घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा है, जबकि पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मामले में मृतका के परिजनों ने नेहा के पति कुंदन प्रामाणिक और उसके सहयोगियों पर अपहरण कर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पति समेत अन्य के खिलाफ FIR दर्ज
मृतका के पिता भोला ठाकुर और मृतक अरुण राणा के पिता प्रकाश राम उस्ताद के बयान के आधार पर खूंटी थाना में कुंदन प्रामाणिक समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण और हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने घटना में कथित रूप से इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो वाहन को बुंडू क्षेत्र से बरामद कर लिया है। वाहन को जब्त कर फॉरेंसिक जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
बहन की शादी में बेटे को लाने गई थी नेहा
परिजनों के अनुसार, नेहा की छोटी बहन की शादी होने वाली थी। इसी सिलसिले में गुरुवार शाम वह अपने पांच वर्षीय बेटे को शादी में शामिल कराने के लिए पड़ोसी अरुण राणा के साथ बाइक से गुमला जिले के करंज थाना क्षेत्र स्थित डोरिया गांव स्थित अपने ससुराल गई थी। बताया जा रहा है कि वहां नेहा ने अपने बेटे को साथ ले जाने की बात कही, लेकिन उसके पति कुंदन प्रामाणिक ने बच्चे को भेजने से इनकार कर दिया। इसे लेकर दोनों के बीच विवाद भी हुआ।
पुलिस से लगाई थी मदद की गुहार
परिजनों का आरोप है कि विवाद के बाद नेहा करंज थाना पहुंची और पुलिस से मदद की मांग की थी। हालांकि, उनका आरोप है कि तत्काल कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
स्कॉर्पियो से पीछा कर किया अपहरण का आरोप
शिकायत के अनुसार, नेहा और अरुण जब वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में कुंदन प्रामाणिक अपने तीन-चार साथियों के साथ स्कॉर्पियो से पहुंचा। परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने पहले उनकी बाइक को टक्कर मारी, फिर दोनों को जबरन स्कॉर्पियो में बैठाकर अगवा कर लिया। इसके बाद शुक्रवार सुबह दोनों के शव तजना नदी पुल के नीचे बरामद हुए।
पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी तथ्यों की जांच पूरी होने का इंतजार करने की बात कही है।





