रांची में कृष्ण जन्माष्टमी की धूम, मोरहाबादी से अल्बर्ट एक्का चौक तक सजे भव्य पंडाल
झांकियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बढ़ाया उत्साह, मोरहाबादी में 20 फीट की ऊंचाई पर मटकी
अल्बर्ट एक्का चौक पर 16वें वर्ष नमो दही हांडी का आयोजन
रांची: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर राजधानी रांची में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। मोरहाबादी से लेकर अल्बर्ट एक्का चौक तक विभिन्न पूजा समितियों की ओर से भव्य आयोजन किए जा रहे हैं। आकर्षक पंडाल, रंग-बिरंगी सजावट, धार्मिक झांकियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। शाम होते ही आयोजन स्थलों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी है।
मोरहाबादी में लगातार 10वें वर्ष भव्य जन्मोत्सव
मोरहाबादी में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव समिति की ओर से इस वर्ष भी भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। समिति के अनुसार, लगातार 10 वर्षों से यहां श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया जा रहा है। आयोजन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने की जानकारी दी गई है। इस बार आयोजन में उत्तर प्रदेश की विशेष झांकी को प्रमुख आकर्षण के तौर पर तैयार किया गया है। इसके अलावा कई अन्य धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। आयोजकों के अनुसार झांकी समेत अन्य कार्यक्रम रात करीब 11 बजे तक चलेंगे। आयोजन स्थल पर दही हांडी के लिए मटकी भी खास ऊंचाई पर रखी गई है। जानकारी के मुताबिक मटकी करीब 20 फीट और 17 फीट की ऊंचाई पर रखी गई है, जिसे प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाली टीमें तोड़ने का प्रयास करेंगी।
विजेताओं के लिए आकर्षक पुरस्कार
दही हांडी प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमों के लिए पुरस्कार राशि भी तय की गई है। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करने वाली टीम को 61 हजार रुपये, द्वितीय स्थान पर रहने वाली टीम को 41 हजार रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 21 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। आयोजन की जिम्मेदारी श्रीकृष्ण जन्मोत्सव समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने संभाली है। समिति के अध्यक्ष बिनोद गोप और मुख्य संरक्षक राजीव रंजन प्रसाद हैं। आयोजन को सफल बनाने में राजेश गुप्ता, मनोज कुमार गुप्ता, रोहित सिंह, मनोज कुमार पप्पू, पिंटू सिंह समेत अन्य सदस्य जुटे हुए हैं।
अल्बर्ट एक्का चौक पर 16वें वर्ष नमो दही हांडी
वहीं, कृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर अल्बर्ट एक्का चौक पर दो दिवसीय नमो दही हांडी कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। यह आयोजन अपने 16वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है। आयोजकों के मुताबिक कार्यक्रम का उद्देश्य सनातन धर्म की संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ लोगों को धर्म और सांस्कृतिक भावना से जोड़ना है। कार्यक्रम में कोलकाता, मुंबई और मथुरा से आए कलाकारों ने धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। भगवान श्रीकृष्ण के साथ शिव-पार्वती की झांकी भी लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने जीता दिल
नमो दही हांडी कार्यक्रम में बच्चों की प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। छोटे-छोटे बच्चे भगवान श्रीकृष्ण, भगवान विष्णु और शिव-पार्वती के स्वरूप में नजर आए। बच्चों की इन मनमोहक प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं का ध्यान खींचा और धार्मिक माहौल को और भावपूर्ण बना दिया। आयोजकों के अनुसार, राधे-कृष्ण की जोड़ी और करीब 150 सदस्यों की सहभागिता के माध्यम से लोगों को धर्म, संस्कृति और आस्था से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। अल्बर्ट एक्का चौक पर बाल गोविंद प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में बच्चों की भागीदारी देखने को मिल रही है और विजेताओं के बीच पुरस्कार भी वितरित किए जा रहे हैं।
जन्माष्टमी के इन आयोजनों से राजधानी रांची में उत्सव का माहौल बना हुआ है। धार्मिक झांकियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और दही हांडी प्रतियोगिताओं के जरिए शहर में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की उमंग देखने को मिल रही है।



