जमशेदपुर में कारोबारी के घर ताबड़तोड़ फायरिंग, 20 लाख रंगदारी मांगकर दी धमकी
गोलमुरी में देर रात थार गाड़ी पर बरसाईं गोलियां, मौके से तीन खोखा बरामद; ‘कुंडी’ और उसके साथियों पर आरोप
जमशेदपुर: झारखंड के जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में सनसनी फैला दी। पांच घंटे के अंतराल में हुई दो फायरिंग की घटनाओं ने स्थानीय लोगों में दहशत फैला दी है। अपराधियों ने नामदा बस्ती निवासी कारोबारी राज कुमार साह के घर को निशाना बनाते हुए घर के बाहर खड़ी उनकी थार गाड़ी पर गोलियां चलाईं।घटना के बाद पूरे इलाके में भय और असुरक्षा का माहौल है।
कारोबारी से मांगी गई 20 लाख की रंगदारी
पीड़ित कारोबारी राज कुमार साह ने बताया कि मंगलवार रात करीब 12:56 बजे उनके मोबाइल पर एक कॉल आया। फोन करने वाले युवक ने खुद को “कुंडी” बताते हुए सीधे तौर पर 20 लाख रुपये रंगदारी की मांग की। आरोपी ने धमकी देते हुए कहा कि अगर रकम नहीं दी गई तो उन्हें भी “कन्हैया यादव” के पास पहुंचा दिया जाएगा। इस धमकी से कारोबारी और उनका परिवार दहशत में आ गया। राज कुमार साह ने बताया कि उन्होंने आरोपी से कहा कि उन्होंने जिंदगी में कभी 20 लाख रुपये एक साथ नहीं देखे, इतनी बड़ी रकम कहां से देंगे। इसके बाद उन्होंने फोन काट दिया।
कुछ घंटों बाद घर पर हमला
फोन कॉल के कुछ घंटों बाद अपराधियों ने घर के बाहर पहुंचकर हमला कर दिया। बदमाशों ने घर के बाहर खड़ी थार गाड़ी को निशाना बनाते हुए तीन राउंड फायरिंग की। गोलियां लगने से गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना के वक्त कारोबारी अपने दूसरे घर में परिवार के साथ मौजूद थे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
सुबह पुलिस ने दी घटना की जानकारी
बुधवार सुबह जब राज कुमार साह घर से निकलने वाले थे, तभी गोलमुरी पुलिस का फोन आया। पुलिस ने उन्हें देर रात फायरिंग की सूचना दी। जानकारी मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी ली।
मौके से मिले तीन खोखा
घटना की सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना प्रभारी संजय सुमन पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और जांच के दौरान तीन खोखा बरामद किए। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
‘कुंडी’ और साथियों पर आरोप
राज कुमार साह ने इस पूरे मामले में “कुंडी” और उसके साथियों पर फायरिंग कराने का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि रंगदारी मांगने वाला युवक बेहद धमकी भरे अंदाज में बात कर रहा था। कारोबारी ने बताया कि वह गाड़ी और ठेकेदारी का व्यवसाय करते हैं और इसी वजह से अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाया।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस अब मोबाइल कॉल डिटेल, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय नेटवर्क के जरिए आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।
बढ़ती आपराधिक घटनाओं से दहशत
गोलमुरी क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि अपराधी बेखौफ होकर रंगदारी मांग रहे हैं और फायरिंग जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। घटना के बाद इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की है।






