Durga Puja
tulsyan

रांची में पुल से नीचे गिरे दो नाबालिग, दोनों की हालत खतरे से बाहर; पुलिस जांच में जुटी

Ranchi Ara Gate Bridge Incident

रांची: राजधानी रांची के चुटिया थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम आरा गेट ब्रिज के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो नाबालिग पुल से नीचे गिर गए। घटना में दोनों को चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल दोनों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

ऑटो से पुल पर पहुंचे थे दोनों
स्थानीय लोगों के मुताबिक, दोनों नाबालिग चुटिया क्षेत्र के रहने वाले हैं और टाटीसिलवे स्थित एक शिक्षण संस्थान में पढ़ाई करते हैं। गुरुवार की देर शाम दोनों एक ऑटो से आरा गेट ब्रिज पहुंचे थे। पुल पर पहुंचने के कुछ देर बाद दोनों नीचे गिर गए। अचानक हुई घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही PCR टीम मौके पर पहुंची और दोनों नाबालिगों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।

चुटिया और टाटीसिलवे पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलने के बाद चुटिया थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। आरा गेट ब्रिज चुटिया और टाटीसिलवे थाना क्षेत्र की सीमा के करीब होने के कारण टाटीसिलवे थाना की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। दोनों थानों की पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से घटना के संबंध में जानकारी ली। इस बीच नाबालिगों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। जिस शिक्षण संस्थान में दोनों पढ़ते हैं, वहां के शिक्षक भी अस्पताल पहुंचे और दोनों के स्वास्थ्य की जानकारी ली।

shrawani mela

घटना की वजह जानने में जुटी पुलिस
दोनों नाबालिगों ने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसकी वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस घटना से पहले की परिस्थितियों और दोनों की गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। टाटीसिलवे थाना प्रभारी हंसे उरांव ने बताया कि घटना चुटिया थाना क्षेत्र की है। उन्होंने बताया कि दोनों नाबालिग आपस में रिश्तेदार हैं। थाना सीमा के कारण टाटीसिलवे पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची थी। पुलिस के अनुसार, फिलहाल मामले में परिजनों की ओर से थाने में कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। घटना की परिस्थितियों को समझने के लिए पुलिस आगे की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *