राजधानी के बार–रेस्टोरेंट में बढ़ती मारपीट पर पुलिस सख्त, SSP ने दिए कड़े निर्देश

Bar Restaurant Action

बार संचालकों के साथ अहम बैठक

Ranchi : राजधानी रांची में बार और रेस्टोरेंट में आए दिन हो रही मारपीट और हंगामे की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। इसी कड़ी में वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने मंगलवार को कोतवाली थाना परिसर में शहर के सभी प्रमुख बार संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की।

इस बैठक में कोतवाली डीएसपी, सदर डीएसपी सहित कई थाना प्रभारी भी मौजूद रहे।

अव्यवस्था और झगड़ों पर रोक लगाना उद्देश्य
बैठक का मुख्य उद्देश्य बारों में बढ़ती अव्यवस्था, मारपीट और आपसी झगड़ों पर पूरी तरह लगाम लगाना तथा सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करना था। एसएसपी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अब बार के अंदर किसी भी तरह का हंगामा, विवाद या मारपीट बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

लाइसेंस रद्द करने की चेतावनी
एसएसपी राकेश रंजन ने बार संचालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनके प्रतिष्ठान में दोबारा मारपीट या कानून-व्यवस्था से जुड़ी कोई घटना सामने आती है, तो संबंधित बार का लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि बार संचालक यह सुनिश्चित करें कि उनके परिसर में शांति बनी रहे।

munadi live whattsapp banne.jpg

कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य
बैठक में एसएसपी ने यह भी निर्देश दिया कि सभी बार संचालक अपने यहां कार्यरत कर्मचारियों, विशेष रूप से बाउंसरों का अनिवार्य रूप से पुलिस वेरिफिकेशन कराएं। इसका उद्देश्य आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्तियों को बारों में काम करने से रोकना और संभावित घटनाओं को पहले ही टालना है।

resizone elanza

Telegram channel

छोटी घटनाओं की भी तुरंत सूचना दें
एसएसपी ने कहा कि बारों में होने वाली छोटी-छोटी झड़पों या विवादों की जानकारी भी तुरंत संबंधित थाना को दी जानी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस नहीं चाहती कि बार के अंदर की घटनाएं बाहर सड़कों और सार्वजनिक स्थानों तक पहुंचें और आम लोगों की शांति भंग हो।

निर्देशों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई
बैठक के दौरान एसएसपी ने दो टूक कहा कि दिए गए निर्देशों का पालन नहीं करने वाले बार संचालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने साफ किया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पुलिस को बार संचालकों से सहयोग की उम्मीद
पुलिस प्रशासन ने बार संचालकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि शांति व्यवस्था बनाए रखना केवल पुलिस की नहीं, बल्कि सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि संचालक जिम्मेदारी से काम करेंगे तो राजधानी में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *