Ranchi News: रांची में पुलिसकर्मी को टक्कर मारकर भागने वाला थार चालक गिरफ्तार, वाहन जब्त
रांची: राजधानी रांची के मोराबादी स्थित प्राइम पार्क के पास वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिसकर्मी को टक्कर मारकर फरार होने वाले थार चालक को रांची पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के वाहन को भी जब्त कर लिया है। पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को सुबह करीब 11:30 बजे मोराबादी प्राइम पार्क के पास पेट्रोलिंग टीम नियमित वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक काले रंग की थार एसयूवी संदिग्ध अवस्था में आती दिखाई दी। वाहन पर काली फिल्म लगी हुई थी, विंडशील्ड टूटी हुई थी और पीछे का नंबर प्लेट मिट्टी से ढका हुआ था, जिससे वाहन संदिग्ध प्रतीत हुआ।
रोकने का प्रयास करते ही पुलिसकर्मी को मारी टक्कर
जब पेट्रोलिंग टीम ने वाहन को रोककर जांच करने का प्रयास किया, तो चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए पेट्रोलिंग वाहन के चालक को टक्कर मार दी। हादसे में पुलिस चालक के सिर पर गंभीर चोट आई और उन्हें पांच टांके (स्टिच) लगाने पड़े। फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है।
वाहन नंबर से हुई आरोपी की पहचान
घटना के बाद रांची पुलिस ने तकनीकी जांच और वाहन नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान की। इसके बाद प्राथमिकी दर्ज कर विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विश्राम उरांव (38 वर्ष) के रूप में हुई है, जो बरियातू, रांची का निवासी है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त थार वाहन को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस की आम जनता से अपील
रांची पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वाहन जांच के दौरान पुलिस का सहयोग करें। पुलिस का कहना है कि यह अभियान आम जनता की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से चलाया जाता है। जांच के दौरान वाहन न रोकना या पुलिस पर हमला करना गंभीर अपराध है और ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
आरोपी का विवरण
- नाम: विश्राम उरांव (Vishram Oraon)
- उम्र: 38 वर्ष
- निवासी: बरियातू, रांची




